दिल्ली यूनिवर्सिटी को 77 रनों से पराजित कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने नाॅर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है।
एएमयू के वेलिंगटन पवेलियन में भारी संख्या में मौजूद दर्शकों की मौजूदगी में एएमयू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 40 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 203 रन का स्कोर खड़ा किया।
सलमान अहमद खान ने शानदार 62 रन बनाए, जबकि साद गजनफर ने 40 रनों का योगदान दिया। डीयू के नवेंद्र शर्मा ने 33 रन देकर तीन खिलाड़ियों को आउट किया।
जवाब में खेलने उतरी डीयू की टीम एएमयू के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी और 20.5 ओवरों में 126 रनों पर सिमट गई।
डीयू के रोहन राठी ने 40 एवं योेगेश कुमार ने 25 रन बनाकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश फलीभूत नहीं हो सकी।
एएमयू के गवेंद्र गोस्वामी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। जबकि मिर्जा हाशिर बेग ने 20 रन देकर 3 और सुल्तान अहमद ने 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
मैच जीतने के बाद एएमयू की टीम के खिलाड़ियों के साथ-साथ पवेलियन में मौजूद लोग खुशी से झूम उठे। एक-दूसरे के गले मिलकर शानदार जीत पर बधाई दी। एएमयू टीम के खिलाड़ी मैदान को चूम रहे थे।
फाइनल मुकाबले में शानदार 62 रन बनाने वाले सलमान अहमद खान को मैन ऑफ दा मैच घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त मोहम्मद सुलतान को मैन ऑफ दा सिरीज चुना गया।
टूर्नामेंट में 290 रन और 18 विकेट हासिल किए हैं। टूर्नामेंट में 304 रन बनाने वाले सलीम अंसारी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं 18 विकेट लेने वाले मिर्जा हाशिर बेग को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया।
कुलपति जमीरउद्दीन शाह एवं सह कुलपति सैयद अहमद अली ने विजेता एवं उपविजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की। कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने एएमयू टीम को 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी एसो. के ज्वाइंट सेक्रेटरी गुरदीप सिंह, यूपी बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ताहिर हसन एवं यूपीबीसीसीआई के युद्धवीर सिंह ने भी संबोधित किया।
एएमयू गेम्स कमेटी के सचिव प्रो. एम शुएब जहीर ने अतिथियों का स्वागत एवं क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष डॉ. मुईनुउद्दीन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
डीएसडब्लू प्रो. अनीस इस्माईल, प्रो. अबसार मुस्तफा खान, डॉ. असफर अली खान, फैसल शेरवानी, मजहर उल कमर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में स्मारिका का विमोचन किया गया।