एएमयू में छात्रसंघ चुनाव की मांग के लिए चल रहे धरने में शामिल होने से इन्कार करने पर बीकॉम के एक हिंदू छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के परिजनों ने इसकी शिकायत प्राॅक्टर से की है। इस मामले में प्राॅक्टर ऑफिस ने तीन आरोपी छात्रों को नोटिस जारी किया है।
पीड़ित छात्र के परिजनों के अनुसार, उनका बेटा रोजाना की तरह कक्षा में पढ़ाई के लिए जा रहा था। इसी दौरान तीन छात्रों ने उसे रोककर डक पाॅन्ड पर चल रहे धरने में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। छात्र ने जाने से साफ इन्कार कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई, जिसके बाद पीड़ित छात्र को तीनों आरोपियों ने पीट दिया।
परिजनों के अनुसार, छात्र को दो जगह चोट आई है। प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद अली खान ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। प्राॅक्टर ने बताया कि छात्र के साथ मारपीट मामले में तीनों आरोपी छात्रों को उनका पक्ष रखने के लिए नोटिस देकर बुलाया गया है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी छात्र को कक्षा में जाने से रोकने या पढ़ाई में बाधा डालने का अधिकार नहीं है।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र के समर्थन में निकला विरोध मार्च
एएमयू में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। भूख हड़ताल पर बैठे यासिर फहद के समर्थन में छात्रों ने लाइब्रेरी से डक पॉन्ड तक विरोध मार्च निकाला। इस दाैरान छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव की मांग लंबे समय से चली आ रही है। अब निर्णायक लड़ाई होगी।