लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाता अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) से गहरा है। यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद उपाधि दी थी। सरदार पटेल की जयंती आज (31 अक्तूबर) है।
यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में 27 फरवरी 1950 को बतौर मुख्य अतिथि पधारे उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री गोविंद वल्लभ पंत को डॉक्टरेट ऑफ लॉ की मानद उपाधि प्रदान की गई थी। इसी कार्यक्रम में तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल, बशीरउद्दीन ऑफ इटावा, हबीब उल्लाह खां (डिप्टी हबीब उल्लाह), वीमेंस कॉलेज के संस्थापक शेख अब्दुल्ला, वाशिंगटन विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर्थर एच कैम्पटन को मानद उपाधि प्रदान की गई थी।
एएमयू के इतिहास के जानकार व उर्दू एकेडमी के पूर्व डायरेक्टर डॉ. राहत अबरार ने बताया कि सरदार पटेल का यूनिवर्सिटी से गहरा नाता है, उन्हें मानद उपाधि प्रदान की गई थी। उनकी जयंती पर इस मानद उपाधि का जिक्र होना प्रासंगिक है।
सरदार पटेल की जयंती मनाई
एसएसडी इंटर कॉलेज में सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती हर्षोल्लास साथ मनाई गई। विद्यालय प्रबंधक पवन शर्मा ने महान नेताओं के पद चिह्नों पर चलने का संदेश दिया। प्रधानाचार्या अलका अग्रवाल ने सरदार पटेल के जीवन के रोचक तथ्यों की जानकारी दी। संचालन आदर्श सूर्यवंशी ने किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या शालू वर्मा, शिक्षक ओम प्रकाश, रेखा पाठक आदि मौजूद रहे।