कोविड-19 के प्रकोप के इस दौर में लोग आपदा में कमाई के अवसर तलाशने से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही एक मामला बृहस्पतिवार देर शाम क्वार्सी पुलिस ने पकड़ा है। यहां एक एंबुलेंस चालक ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी करते पकड़ा गया है। उससे एक भरा व दो खाली सिलिंडर मिले हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्वार्सी की धौर्रा चौकी प्रभारी अफसर को खबर मिली कि एक युवक ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहा है। युवक को इकरा पुलिया बाईपास से सिलिंडर सहित दबोच लिया। उसकी एंबुलेंस में दो खाली व एक भरा सिलिंडर मिले।
उसने अपना नाम अदनान पुत्र आरजू निवासी नगला मल्लाह बताए। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकारा कि वह एंबुलेंस चलाता है। इसलिए आसानी से सिलिंडर भरवा लाता है। इन्हें ब्लैक में बेचता है। जो सिलिंडर उसके पास मिला है। उसे वह 80 हजार में बेचने जा रहा था। सौदा तय हो गया था। ग्राहक के इंतजार के समय पुलिस ने दबोच लिया।