अमर उजाला बेस ने रविवार को अब्दुल्ला कॉलेज के सामने स्थित झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के बीच आजाद फाउंडेशन के सहयोग से राशन का वितरण किया। इस दौरान झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने कहा कि अमर उजाला बेस एक मसीहा बनकर उनके सामने आया है।
उनका कहना है कि वे लॉकडाउन की वजह से मजदूरी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में दिए हुए राशन से कुछ दिन का गुजरा हो जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सह नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह, एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह, सिविल लाइंस सीओ तृतीय अनिल समानिया व आजाद फाउंडेशन की सचिव और स्थानीय लोक अदालत की प्रभारी अध्यक्ष शाजिया सिद्दीकी ने किया।
एक-एक करके सभी ने झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के बीच राशन वितरण किया। इस दौरान पुलिसकर्मयों ने लोगों को उचित दूरी बनाए रखने में सहयोग किया। मालूम हो कि आजाद फाउंडेशन ने इन झुग्गियों को गोद लिया है।
शासन प्रशासन की हर योजना यहां तक पहुंचाने के लिए आजाद फाउंडेशन सक्रिय है। इतना ही नहीं, यहां के बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। इस मौके पर बिलाल सलमान, याबर मजिद, इमरान खान सीआरपीएफ कमांडर, खालिद अहमद, मोहसिन खान, जुनैद, जफर महमूद, मुदस्सिर, बंटी, आरजे कल्पना, अनिल आजाद आदि मौजूद रहे।
राशन वितरण के बाद आसिमा खातून ने कहा कि मैं घर में अकेली रहती हूं। राशन मिलने से कुछ दिनों के लिए राहत मिल गई है। अमर उजाला को शुक्रिया। वहीं रुकसाना ने कहा कि मेरे परिवार में नौ सदस्य हैं। राशन मिलने से अब कोई भूखा नहीं सोएगा। सहयोग के लिए धन्यवाद।