हाथरस जंक्शन के गांव बघराया से खोंड़ा रति तक बन रही सड़क के निर्माण में स्थानीय लोगों ने घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए मंगलवार को हंगामा किया। ग्रामीणों ने मौके पर काम रुकवा दिया।
करीब दो किलोमीटर के कच्चे रास्ते पर मंडी समिति द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यहां सड़क का निर्माण मानक के अनुसार नहीं किया जा रहा। मौके पर ग्रामीणों की काफी देर तक ठेकेदार से तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण में जिस गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग हो रहा है, उससे यह सड़क बहुत ही जल्दी उखड़ जाएगी।
लोगों ने इसकी शिकायत डीएम से भी की है। लोगों का कहना था कि जब तक सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं होगा, तब तक वह इस सड़क को नहीं बनने देंगे। ग्रामीणों ने अब तक बनी सड़क के निर्माण की जांच कराने की मांग भी उठाई।
सड़क निर्माण का कार्य सही नहीं चल रहा है। मानक के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। हमने हंगामा कर कार्य को रुकवा दिया है। मात्र दो किमी की यह सड़क भी गुणवत्ता के साथ नहीं बनाई जा रही।
-नागेंद्र सेगर निवासी गांव बघराया।
मंडी समिति द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार इसमें गुणवत्ता के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं कर रहे। कई बार ठेकेदार से कहा गया है कि सही कार्य करें और मानक के अनुसार कार्य करें।
-सत्यवीर सिंह निवासी गांव बघराया।
गांव बघराया से खोंड़ा रति तक दो किमी सड़क बनाई जा रही है। ठेकेदार मानक के अनुरूप इसका निर्माण नहीं करा रहे। हमने उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। फिलहाल कार्य को रुकवा दिया है।
-मुकेश कुमार, ग्राम प्रधान बघराया।
तापमान अधिक होने की वजह से डामर जम नहीं पा रही है और पिघल जाती है। इस कारण सड़क का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। तापमान कम होते ही कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा।
-गौरव सिंह, मंडी सचिव