तेहरा मोड़ पर राजकुमार के ढाबे पर शुक्रवार की रात में 12 से अधिक लोगों ने खाने के रुपयों को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ की। ढाबा मालिक ने लूट का भी आरोप लगाया है।
ढाबा संचालन ने पुलिस को बताया है कि शुक्रवार सुबह अकराबाद के खेड़िया हरिचंद्रपुर निवासी दो युवक ढाबे पर खाना खाने आए। रुपये मांगने पर उन्होंने शराब के नशे में गाली-गलौज की और बिना रुपये दिए चले गए। रात करीब दस बजे वही युवक एक 12 से अधिक साथियों के साथ दो कारों में लौटे। उन्होंने राजकुमार, उनके बेटे अंशुल, दीपक और ग्राहक शीलेंद्र को लाठी-डंडों से पीटा।
ढाबे पर तोड़फोड़ की। तमंचे के बल पर पांच हजार रुपये का गल्ले से खींच लिए। राजकुमार ने रात में ही पांच नामजद सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। शनिवार सुबह खनन कर रहे दो युवकों को ढाबा संचालक व ग्रामीणों ने पकड़ा। उन पर पिछली रात ढाबे पर मारपीट में शामिल होने का आरोप था। सूचना पर पुलिस ने मौके से जेसीबी व डंपर कब्जे में लिया। थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव ने बताया कि खनन वैध था और नकदी लूट की पुष्टि नहीं हुई। मारपीट में घायल राजकुमार, अंशुल और दीपक को अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।