फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : मानसून की पहली ही बरसात में हो गया जल भराव

विज्ञापन
एटा चुंगी चौराहे पर सुबह हुई तेज बारिश में होकर गुजरते वाहन व राहगीर। संवाद - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
मानसून की पहली ही बारिश ने शनिवार को नगर निगम की स्मार्ट सिटी की मुहिम और नाला - नाली एवं सफाई अभियान की कलई खोलकर रख दी। मात्र 45 मिनट की बारिश से शहर भर में रिहायशी इलाके, सड़क और नाले बारिश के पानी से लबालब हो गए।
विज्ञापन

कई इलाकों में जलभराव के साथ सड़क पर कीचड़ व गंदगी उफन आने से राहगीरों और वाहन चालकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे वे नगर निगम की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहे के पास स्कूटी सवार सिपाही दंपती नाले में जा गिरे। सुबह मौसम बदलने के बाद हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर बाद ही करीब 45 मिनट तक झमाझम बारिश हुई।
बारिश से छर्रा अड्डा पुल, गुरूद्वारा रोड, स्टेशन रोड, सेंटर प्वाइंट चौराहा, समद रोड, मैरिस रोड, दीवानी गेट, तस्वीर महल चौराहा, कंट्रोल रूम, अमीर निशा, दोदपुर, लक्ष्मी बाई मार्ग, केला नगर, मेडिकल रोड, सर सैय्यद नगर, जमालपुर, अचल रोड, मामू भांजा, रामघाट रोड, अनूपशहर रोड, शाहजमाल, देहलीगेट रोड, सराय रहमान, रसलगंज, बारहद्वारी, रघुवीरपुरी समेत कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया।
विज्ञापन

शहर के कई निचले व रिहायशी इलाकों में भी बारिश का पानी घरों व दुकानों में जा घुसा। इतना ही नहीं जलभराव से नगर निगम का सेवाभवन परिसर, जवाहर भवन व मेयर कार्यालय में पानी भर गया।
स्कूटी समेत नाले में गिरे सिपाही दंपती, वायरल हुआ वीडियो
बारिश के दौरान रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहा स्थित बाबा मार्केट के सामने गंभीर हादसा होने से टल गया। यहां थाना बन्नादेवी में तैनात सिपाही दयानंद सिंह पत्नी को स्कूटी से डॉक्टर को दिखाने आए थे। बारिश के चलते रोड पर पानी भर जाने से सड़क किनारे नाला दिखाई नहीं पड़ा। जिसकी वजह से स्कूटी नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि लोगों ने तत्काल दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस हादसे के कुछ देर बाद ही एक महिला और एक युवक भी नाले में जा गिरे। बारिश के कारण चलते कई दोपहिया वाहन बंद हो गए और चालक उन्हें खींचते हुए दिखाई पड़े।
कंट्रोल रूम बनाया
मानसून की पहली बारिश के बाद शहर भर में हुए जलभराव के बाद से नगर निगम ने सबक लेते हुए क्विक एक्शन टीमों का गठन किया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि रामघाट रोड, किशनपुर तिराहा, मैरिस रोड, लाल डिग्गी रोड, दीवानी कचहरी, गूलर रोड, आगरा रोड, गुरूद्वारा रोड आदि स्थानों पर हुए जलभराव व आपात स्थिति से निपटने के लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 25 अधिकारी और 350 सफाई कर्मचारियों की 40 क्विक एक्शन टीमें बनायी गई हैं। नगर निगम में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां 7500441344, 18002747047, 05712750250 नंबरों पर मदद ली जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें