बरला थाना क्षेत्र के गांव भवीगढ़ में सोमवार रात दो पक्षों में मारपीट के बाद मंगलवार को हंगामा हो गया। पुलिस पर एक तरफा कार्यवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने एक पक्ष के आठ लोगों को शांति भंग में बंद कर दिया।
अतरौली तहसील के गांव भवीगढ़ निवासी हिमांशु गौड़ सोमवार को पाइप द्वारा अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे। गांव के ही रमेश जाटव अपने खेत से मवेशियों के लिए चारा काटकर बाइक से घर लेकर आ रहे थे। सूरजपुर मार्ग पर बाइक निकालते वक्त हिमांशु के खेत को जा रहा सड़क पर पड़ा पाईप फट गया। इससे दोनों में विवाद हो गया। दोनों के घर वाले भी मौके पर पहुंच गए और झगड़ा मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। हालांकि शाम को दोनों पक्षों में मामला शांत हो गया।
पुलिस की एंट्री के बाद बिगड़ी बात
झगड़े की सूचना पर बरला थाने से लेपर्ड से पुलिसकर्मी रात करीब 8.30 मौके पर पहुंचे। लेपर्डकर्मी जब रमेश पक्ष के यहां दबिश देने पहुंचे तो हंगामा खड़ा हो गया। पुलिसकर्मियों से हाथापाई हो गई। लेपर्डकर्मियों की सूचना पर बरला थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दबिश देकर रात में ही रमेश पक्ष के आठ लोगों को उठाकर थाने ले गई। लोगों ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
पुलिस की सक्रियता के बाद टला जातीय संघर्ष
सोमवार रात पुलिस द्वारा दबिश देकर एक ही पक्ष से आठ लोगों को उठाने और दूसरे पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं होने से गांव में जाटव समाज के लोग एकत्रित हो गए। इससे गांव में तनाव पैदा हो गया। भीम आर्मी के भी गांव में पहुंचने की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
सीओ अतरौली विशाल चौधरी व सीओ बरला शिवप्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने रमेश पक्ष के लोगों से बात की और उन्हें कार्यवाही का भरोसा दिलाया। वहीं दूसरे पक्ष से भी दो लोगों को पुलिस ने उठा लिया। एहतियात के तौर पर बरला, अतरौली, अकराबाद, विजयगढ़, गंगीरी व छर्रा थानों से पुलिस व पीएसी बुला ली गई।
पुलिस पर लगाये अभद्रता के आरोप
रमेश पक्ष के लोगों ने पुलिस पर अभद्रता के आरोप लगाए। लोगों का आरोप था कि पुलिसकर्मी दूसरे पक्ष के लोगों को साथ लेकर उनके घर दबिश देने पहुंचे, जहां लोगो से मारपीट और महिलाओं के साथ गाली गलौज और अभद्रता की गई।
यह लोग किए शांति भंग में बंद
रमेश पक्ष से राकेश व रमेश पुत्रगण सुखपाल, दिनेश पुत्र सुल्तान, रवि पुत्र दिनेश, प्रमोद पुत्र महेंद्र सिंह, अमित पुत्र विजय सिंह, वीरेंद्र पुत्र ख्याली राम, प्रदीप पुत्र सत्यवीर व हिमांशु पक्ष से उपेंद्र शर्मा पुत्र सोमदेव शर्मा व शांतनु पुत्र उपेंद्र शर्मा को शांति भंग में बंद किया गया है।