अभिषेक तायल, अलीगढ़।
कोरोना काल खत्म होने के बाद भी रेल प्रशासन यात्रियों से कमाई करने में लगा है। रेलवे यात्रियों को पैसेंजर ट्रेन में यात्रा कराकर किराया वसूली मेल एक्सप्रेस ट्रेन की कर रहा है। कोरोना काल में अधिकतर ट्रेनों का रेल प्रशासन द्वारा संचालन बंद कर दिया था। इसमें पैसेंजर ट्रेन भी शामिल हैं।
रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को स्पेशल कैटेगिरी में चलाया जा रहा था। जिनका किराया दो से तीन गुना बढ़ा दिया गया था। वहीं स्पेशल ट्रेन के चलते उनके नंबरों के आगे जीरो लगा दिया गया था। अब कोरोना खत्म होने के बाद भी उनकी स्पेशल कैटेगिरी नहीं हटाई गई है। इससे यात्रियों को दो से तीन गुना किराया देना पड़ रहा है।
प्रदेश में कोरोना की विदाई हो चुकी है। एक अप्रैल से सरकार ने कोरोना से जड़े सभी प्रतिबंधों को भी हटा दिया है, लेकिन रेलवे अभी तक यात्रियों से कमाई में लगा है। पैसेंजर ट्रेनों के नंबर के आगे जीरो लगाकर यात्रियों से अब तक मेल एक्सप्रेस का किराया वसूली की जा रही है।
मार्च 2020 में दो साल पहले कोरोना महामारी में रेल प्रशासन द्वारा ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। इस दौरान कुछ ट्रेनों को स्पेशल मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों को संचालित किया जा रहा था। कोरोना खत्म होने के बाद एक्सप्रेस ट्रेन व मेल एक्सप्रेस से जीरो टैग हटाकर इनका किराया सामान्य कर दिया गया, लेकिन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन अभी भी स्पेशल कैटेगिरी में हो रहा है। ऐसे में महंगाई के इस दौर में यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, वहीं पैसेंजर ट्रेनों में यात्रा करने वाले गरीब व मजदूर तबके पर इसकी मार पड़ रही है।
50 किमी तक न्यूनतम किराया 30 रुपये
रेलवे ने 50 किमी की दूरी तक का न्यूनतम किराया 30 रुपये कर दिया है। इससे पैसेंजर ट्रेनों का सफर महंगा हो गया। पहले न्यूनतम किराया दस रुपये था। वहीं अब पैसेंजर ट्रेन में यात्रा करने के लिए 50 किमी तक की दूरी के लिए 30 रुपये देने होंगे। अलीगढ़ से महरावल के लिए भी आपको तीस रुपये देने होंगे, जो पहले दस थे। दो सौ किमी तक दूरी के लिए यात्रियों को 70 रुपये का टिकट लेना पड़ रहा है।
अलीगढ़ से दिल्ली जाने को अभी तीन पैसेंजर ट्रेन
अलीगढ़ से अभी दिल्ली जाने के लिए तीन पैसेंजर संचालित हैं, जिसमें अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर (ईएमयू), टूंडला-अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर (टीएडी) व हाथरस-अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर (एचएडी) शामिल हैं। सोमवार से टूंडला-अलीगढ़-गाजियाबाद पैसेंजर ट्रेन का भी संचालन शुरू हो रहा है। वहीं बरेली पैसेंजर का संचालन भी दिसंबर में शुरू हो गया है।
अगले माह चल सकती है अलीगढ़ से संचालित सभी पैसेंजर
कोरोना से पहले अलीगढ़ से दिल्ली जाने के लिए तीन पैसेंजर, टीएडी, एचएडी, अलीगढ़-पलवल, अलीगढ़-दिल्ली (दूधिया गाड़ी) और बरेली पैसेंजर का संचालन होता था। कोरोना के बाद एचएडी, टीएडी, बरेली पैसेंजर, अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर व आज से अलीगढ़ गाजियाबाद पैसेंजर का ही संचालन हो सका है। इससे नौकरीपेशा और मजदूर वर्ग के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। अगले माह से इन सभी गाड़ियों का संचालन शुरू होने की आशंका जताई जा रही है।
अलीगढ़ से प्रमुख जगहों के लिए पैसेंजर ट्रेन का किराया
पहले अब
दिल्ली 30 रुपये 60 रुपये
गाजियाबाद 25 रुपये 55 रुपये
टूंडला 25 रुपये 45 रुपये
बरेली 40 रुपये 70 रुपये
महरावल 10 रुपये 30 रुपये
दाउद खां 10 रुपये 30 रुपये
न्यूनतम किराया 10 से 30 रुपये
- रेल मंत्रालय को ट्रेनों में जनरल कोच बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है, जिससे यात्रियों की परेशानी कम हो। अलीगढ़ से संचालित सभी पैसेंजर ट्रेनों की स्पेशल कैटेगिरी खत्म होगी। जल्द ही सभी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। उच्च अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत जारी है। - संजय पंडित, डीआरयूसीसी सदस्य