महानगर में सोमवार रात सासनी गेट, आगरा रोड इलाके में फाल्ट होने से करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में लोग बिजली कटौती से परेशान रहे। वहीं, बिजली संकट के कारण सासनी गेट और आगरा रोड इलाके में सुबह पानी आपूर्ति भी बाधित रही।
आगरा रोड स्थित ईशा नगर में सोमवार रात करीब ग्यारह बजे बिजली की लाइन में फाल्ट हो गया, जिससे सासनी गेट और आगरा रोड के कई इलाकों में अंधेरा हो गया। बिजली आपूर्ति ठप होने की सूचना पर विभाग कर्मचारी भी पहुंच गए।
कई घंटों की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हुई। इस दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी में लोग अपने घरों की छत पर आ गए। बिजली आने का इंतजार करते रहे। फाल्ट के चलते सासनी गेट और आगरा रोड इलाके में पानी आपूर्ति भी बाधित रही।
ओवरलोड के चलते कम मिल रही है बिजली
बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर एस के अग्रवाल ने बताया कि शहर में ओवरलोडिंग के चलते मांग के अनुरूप कम बिजली मिल रही है। ऐसे में लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। हालांकि विभाग हर स्तर से लोगों की सहूलियत में तत्पर तैयार है।