शहर के चार रूटों पर दौड़ रहीं 12 ई-बसों (इलेक्ट्रिक बस) के किराये में एक रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जो अब परिचालकों के साथ-साथ यात्रियों के लिए भी समस्या बन गई है। परिचालक और यात्रियों के पास छुट्टे रुपये नहीं होते हैं। ऐसे में नोकझोंक जैसी स्थिति भी बन रही है। जानकारी मिलने पर परिवहन निगम के अधिकारी समस्या के समाधान में जुट गए हैं।
अलीगढ़ के चार रूटों पर दौड़ रहीं ई-बसों में यात्री किराये की दर बदलाव किया गया है। शहर के विभिन्न स्टॉपेज के लिए 5, 10, 15, 20 रुपये की जगह यात्रियों को अब 6, 11, 16, 21 रुपये चुकाने पड़ेंगे। यह बढ़ा हुआ एक रुपया समस्या बनने लगा है।
परिचालकों के पास इतने छुट्टे पैसे नहीं होते हैं कि हर यात्री को लौटा सकें। वहीं, यात्री भी खुले रुपये लेकर नहीं चलते हैं। ऐसे में विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती हे। यह समस्या शहर के हर रूट पर देखी जा सकती है। जानकारी परिवहन निगम के अधिकारियों पर पहुंची तो वह समाधान में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि किराया ऐसा लागू किया जाएगा कि वह पांच, दस, 15 और 20 रुपयों में ही हो सके।
- ई-बसों के संचालन में बढ़े हुए एक रुपये की समस्या सामने आई है। परिचालकों के साथ-साथ यात्री इस समस्या से जूझ रहे हैं। ई-बस संचालन करने वाली कंपनियों के अधिकारियों को किराये में फेरबदल करने के लिए कहा गया है। कुछ स्टॉपेज के बीच एक रुपये की राशि इस प्रकार बढ़ाई जाए कि वह पांच, दस, 15 या 20 रुपयों में हो जाए। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। - वीके शुक्ला, एआरएम अलीगढ़ डिपो।