न्यूज डेस्क, अमर उजाल, अलीगढ़
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर लगातार बढ़ रही है। दीनदयाल अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में दस मरीजों की मौत हो गई, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इनकी मौत का आंकड़ा अपने पोर्टल पर अपडेट नहीं किया है। इसके अलावा, जिले में 296 नए केस मिले हैं तो 385 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक किसी भी व्यक्ति की कोरोना से मौत नहीं हुई है। हालांकि, नुमाइश मैदान स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार को 10 शवों का अंतिम संस्कार हुआ। इनमें से पांच दीनदयाल अस्पताल, तीन वरुण ट्रामा सेंटर, एक जेएन मेडिकल, एक जीवन ज्योति अस्पताल से आया। इसके अलावा शुक्रवार को दीनदयाल अस्पताल में मथुरा जनपद क़ी एक महिला एवं महरावल के एक पुरुष की मौत हुई है, जिन्हें परिजन अपने-अपने घर ले गए।
लेकिन सरकारी स्तर पर इन सभी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। 296 नए केस मिले हैं। इस तरह सक्रिय मरीजों की संख्या अब 2761 हो गई है। अब तक कुल 20093 मरीज मिले हैं। 385 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। अब तक 17233 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को हुई जांच मिलाकर अब तक 8.13 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। सीएमओ डॉ. बीपी कल्याणी ने स्वयंसेवी संस्थाओं से कोरोना पीड़ित गरीबों की मदद के लिए आगे आने और दवाओं की किट बांटने की अपील की है।