सपनों की दुनिया बसाने के लिए एक ही कक्षा में पढ़ने वाले किशोर व किशोरी ने घर-परिवार को छोड़कर दिल्ली की ट्रेन पकड़ ली। अलीगढ़ स्टेशन पर पानी पीने के लिए उतरे तो जीआरपी कर्मियों को उनकी गतिविधि संदिग्ध लगी। पूछताछ पर उन्होंने सच्चाई बता दी। दोनों के परिजनों को अलीगढ़ बुलाया गया है। दोनों को चाइल्ड लाइन की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
जनपद गाजीपुर के रहने वाले एक किशोर व किशोरी एक ही स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों ने घर से कहीं दूर जाकर नई दुनिया बसाने का फैसला कर लिया। शुक्रवार को दोनों स्कूल जाने की बजाय स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गए।
दिल्ली जा रही ट्रेन शनिवार को अलीगढ़ स्टेशन पर पहुंची तो दोनों पानी पीने के लिए उतर गए। यहां प्लेटफार्म पर जीरआरपी कर्मियों को उनकी हरकतें कुछ संदिग्ध लगीं तो उन्होंने पूछताछ की। इस पर उन्होंने सारी सच्चाई बता दी। जीआरपी ने उन्हें चाइल्ड लाइन को सौंप दिया है। चाइल्ड लाइन के डायरेक्टर डॉ. ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने के साथ ही उनके परिजनों को अलीगढ़ बुलाया गया है। उनके आने पर ही सही स्थिति सामने आ सकेगी।