अवैध निर्माणों के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का अभियान जारी है। सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने सासनीगेट क्षेत्र में तीन अवैध निर्माणों पर सील ठोंक दी। इस दौरान सासनीगेट थाने की पुलिस भी साथ रही। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि थाना सासनीगेट क्षेत्र में अंजुला भार्गव द्वारा भार्गव हॉस्पिटल, सासनीगेट चौराहे के निकट 250 वर्ग गज में स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध भूतल व दो मंजिला व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
इसे सील कर दिया गया है। वहीं, प्रीति वार्ष्णेय द्वारा सराय हरनारायण लोधी कांप्लेक्स सासनीगेट के निकट 250 वर्ग गज क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे बेसमेंट, भूतल व दो मंजिल के व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण को सील कर दिया गया।
गंगा प्रसाद द्वारा मरघट के बराबर महेंद्र नगर भदेसी रोड सासनीगेट क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 135 वर्ग गज क्षेत्र में कराए गए व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के स्टाफ के साथ सासनीगेट थाने का पुलिस बल भी रहा।