नगर निगम बोर्ड के सामान्य अधिवेशन में जमकर हंगामा हुआ। कर निर्धारण के सवाल पर हुए हंगामे के दौरान संपत्ति विभाग के कर्मचारी विजय गुप्ता के बीच में बोलने पर नाराज महिला पार्षद ने माइक जमीन पर पटक दिया, जो टूटकर बिखर गया। पार्षदों के कई सवालों का नगर निगम के अधिकारी संतोषजनक जवाब तक नहीं दे पाए। पार्षदों ने एक स्वर में कोरोना काल का टैक्स माफ करने की वकालत की।
करीब एक साल बाद नगर निगम बोर्ड का सामान्य अधिवेशन सोमवार को जवाहर भवन में हुआ। शुरू में ही संपत्ति कर निर्धारण एवं आरोपन का मामला अटक गया। साथ ही गली मोहल्लों में छोटी दुकानों को कामर्शियल में शामिल करने का विरोध शुरू हो गया। पार्षद वीरेंद्र सिंह एवं कुलदीप पांडेय ने अधिकारियों को आड़े हाथ लिया और कहा कि शासन के पत्र को आप लोग तो कभी सदन में रखते ही नहीं हैं।
पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि कर निर्धारण के लिए कमेटी गठित की जाए और उसकी सहमति के बिना किसी के पास बिल न भेजे जाएं। पार्षदों का यह भी कहना था कि कुछ लोग शासन को बदनाम करने के लिए गलत निर्णय ले रहे हैं। महापौर मो. फुरकान से पार्षदों ने कहा कि आप पर कलंक लग जाएगा। लोग कहेंगे कि मो. फुरकान के समय में यह प्रस्ताव पास हुआ था।
अधिकारी तो यहां से चले जाएंगे, आपको यहीं रहना है। उसके बाद महापौर मो. फुरकान ने स्पष्ट किया कि जनहित के विरुद्ध कोई कार्य नहीं होगा। कमेटी के विचार के बिना कोई भी बिल पास नहीं जाएगा। उसके बाद कुलदीप पांडेय ने मुद्दा उठाया कि कोरोना काल में जनता बहुत परेशान रही है। आज भी स्थिति बदली नहीं है। जनता को राहत दिलाने के लिए कोरोना काल में टैक्स माफ करने का प्रस्ताव पास कर शासन के पास भेजा जाए। पार्षदों ने मेज थपथपा कर समर्थन दिया।
अधिवेशन में देर शाम तक जनहित के 33 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिसमें 15 निर्माण कार्य के थे। ज्ञान सरोवर तिकोना पार्क में सैनी समाज के महापुरुषों के नाम पर नामकरण संबंधी प्रस्तावों पर पार्षदों की संस्तुति के आधार पर निर्णय लेने, पार्षद वार्ड कार्यालय निर्माण कार्य संबंध प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में रखने, मोहल्ले के नाम को परिवर्तित करने संबंधी प्रस्ताव की सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया गया।
महापौर मो. फुरकान ने अध्यक्षता एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने संचालन किया। मंच पर नगर आयुक्त गौरांग राठी एवं अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त भी मौजूद थे। दो मिनट का मौन रखकर देश के दिवंगत सीडीएस स्व. बिपिन रावत, उनकी पत्नी एवं वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि दी गई।
इसलिए भड़के पार्षद
कर निर्धारण को लेकर पार्षद महापौर एवं नगर आयुक्त पर हमला कर रहे थे। इसी दौरान संपत्ति विभाग के लिपिक विजय गुप्ता मैदान में कूद गए। उन्होंने कहा कि जल निगम से अफसर आए हैं। उनको तनख्वाह कैसे देंगे। लिपिक के बीच में बोलने से पार्षद भड़क गए।
ये प्रस्ताव स्वीकृत
गोशाला में गोवंश के चारे पर खर्च नगर निगम की निधि से किए जाने, अवैध जल संयोजन कनेक्शन कराने हेतु 1600 दर लेने, नगर निगम सीमा अंतर्गत जलाशयों में अच्छे ग्रोथ के लिए नैनोसिलिका डोजिंग का छिड़काव, अलीगढ़ फिकल स्लज सेप्टेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन नियम 2021, विज्ञापन पर अनुज्ञा शुल्क निर्धारण और वसूली, दोदपुर रोड पर ट्रांसफार्मर से हबीब पार्क सेंटर प्वाइंट तक आरसीसी नाला निर्माण, अमृत योजना के अंतर्गत निकाय अंश की अवशेष धनराशि में से 40 करोड़ रुपये की धनराशि पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना से लोन लेने, प्रेस क्लब से पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराया लेने एवं पार्षदों का स्टडी टूर विजिट
ये प्रस्ताव निरस्त...
नगर निगम अलीगढ़ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के प्रावधानों के दृष्टिगत विक्रेता के लिए तंबाकू उत्पाद लाइसेंस शुल्क संबंधी प्रस्ताव, जल मूल्य वृद्धि
ये रहे प्रमुख मुद्दे....
साफ सफाई, सीवर मेनहोल, पुलिया निर्माण, ईईएसएल कंपनी की गलत कार्यशैली, बरसात के पूर्व नालों की सफाई, मेन ढक्कन पर फ्रेम लगाने, कर्मचारियों की कमी, हाउस टैक्स सर्वे को सार्वजनिक करने, बारिश में जलभराव, आउट सोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, पार्षद एवं पूर्व पार्षद का हाउस टैक्स माफ करने, पार्षद वार्ड कार्यालय, पार्षदों के मानदेय, ईईएसएल द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना, नगर निगम की संपत्ति पर कब्जा आदि
ये रहे मौजूद...
उपसभापति डॉ. मुकेश शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह जादौन, विजय तोमर, दिनेश गुप्त, अनिल सेंगर, संजय शर्मा, संगीता देवी, सुरेंद्र पचौरी, संजय पंडित, सद्दाम हुसैन, रश्मि पंकज, शेर सिंह सैनी, राजू पासवान, दीपू शर्मा, माशाअल्लाह, सायरा बानो, शबाना असलम, रीता राजपूत, हेमंत गुप्ता, कविता शर्मा, दीपू शर्मा, कविता शर्मा, नीलेश उपाध्याय, सायरा बानो, मो. शाकिर, इमरान आदि पार्षदों के अतिरिक्त उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त टीपी सिंह, अनवर ख्वाजा, अशोक कुमार भाटी, मनोज कुमार, पंकज रंजन, राधे धूरी आदि।