दीपावली से पहले बाजारों में मिलावटी मिठाइयों की जांच पड़ताल जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग मिठाइयों के नमूने भर कर उनको जांच के लिए भेज रही हैं। बुधवार को सासनी गेट थाने के अंतर्गत बारहसैनी बाजार, हलवाईखाना स्थित प्रतिष्ठान जय शिव स्वीट सेंटर से बूंदी का लड्डू एवं कराची का हलुआ का एक-एक नमूना लिया गया।
सासनी गेट चौराहे पर स्थित प्रतिष्ठान विजय स्वीट सेंटर से बेसन का लड्डू का नमूना भरा गया। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, प्रभु चौधरी, मनोज कुमार सरोज, ओमवीर सिंह उपस्थित रहे। इसी तरह से तहसील इगलास के अंतर्गत कस्बा बेसवा में नवीन कुमार के मिठाई प्रतिष्ठान से मिल्क केक का एक नमूना भरा गया।
यहां पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह ने कार्रवाई की। तहसील गभाना के अंतर्गत कस्बा सोमना मोड़ में दीपेंद्र राज से सोहनपापड़ी का एक नमूना भरा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएन सिंह ने कार्रवाई की।
तहसील खैर के अंतर्गत कस्बा टप्पल से खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह ने सांई होटल से पनीर का नमूना लिया। जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी नमूने प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।