भविष्य के आठ रत्नों को अलीगढ़ रत्न सम्मान से नवाजा गया। अलग-अलग बोर्ड से पढ़ाई के मामले में यह सभी रत्न वर्ष 2017-2018 में सफलता की पताका फहरा चुके हैं। यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानी पं. मोहनलाल गौतम के 116वें जन्म दिवस पर पं. मोहनलाल गौतम मेमोरियल सोसाइटी की ओर से उन्हें दिया गया।
रविवार को जीटी रोड स्थित रॉयल रेजीडेंसी में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कमिश्नर अजयदीप सिंह और डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने दीप जलाकर किया। यूपी बोर्ड, सीबीएसई व आईसीएसई में हाईस्कूल व इंटर में जिला टॉप करने और अलीगढ़ रत्न पाने वाले मेधावियों को 31-31 हजार रुपये व शील्ड प्रदान किए गए। कमिश्नर ने कहा, मोहनलाल गौतम एक ऐसी शख्सियत थी, जिन्होंने अलीगढ़ को देश में पहचान दी है। डीआईजी ने कहा कि मेधावियों को सम्मानित कर उनके कंधों पर जो जिम्मेदारी दी गई है, वह भविष्य में रत्न बनकर उभरेंगे। पूर्व सांसद व मोहनलाल गौतम की बेटी शीला गौतम ने आए हुए अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
समाजसेवी राहुल गौतम ने मोहनलाल गौतम की संघर्ष गाथा पर प्रकाश डाला। इस मौके पर शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, भाजपा जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया, डीएम चंद्र भूषण सिंह, एसएसपी अजय कुमार साहनी, सीडीओ दिनेश चंद्र, लता गौतम, नमिता गौतम, राजुल देवेंद्रा, किरन गौतम, पूर्व महापौर शकुंतला भारती, डॉ. राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
संचालन शम्मी नारंग ने किया। इससे पूर्व मोहनलाल गौतम की स्मृति में क्वार्सी फार्म में दो द्वार का लोकार्पण व विकास भवन स्थित स्मृति द्वार का शिलान्यास अतिथियों ने किया।
इन्हें मिला अलीगढ़ रत्न
हाई स्कूल (यूपी बोर्ड) : दीपक कुमार (दयानंद सरस्वती शिशु मंदिर कासिमपुर पावर हाउस)
हाई स्कूल (सीबीएसई) : सोना वार्ष्णेय (दिल्ली पब्लिक स्कूल)
हाई स्कूल (आईसीएसई) : कुनाल मित्तल (गगन पब्लिक स्कूल)
इंटर (यूपी बोर्ड) : ममता सिंह (इंडियन पब्लिक इंटर कॉलेज सूतमिल)
इंटर (सीबीएसई) : सुनील सिंह राघव (विजडम पब्लिक स्कूल)
इंटर (सीबीएसई) : शिवम सक्सेना (सेंट फिदेलिस सीसे स्कूल)
इंटर (आईसीएसई) : संध्या शर्मा (गगन पब्लिक स्कूल)
प्रतियोगी व प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शन
एम्स में 6वीं रैंक : अब्दुर्रहमान इसरार उल हक (धौर्रामाफी)
जेईई में 856वीं रैंक : जीत बंसल (ज्ञान सरोवर)