इस बार डाक विभाग ने रक्षाबंधन पर भाई बहन के प्यार को और ज्यादा महकाने के लिए सुगंधित लिफाफे का इंतजाम किया है। इसी सुगंधित व वाटरप्रूफ लिफाफे में रक्षा सूत्र रखकर बहनें उसे अपने भाई के पास भेजेंगी। इन लिफाफों की बिक्री विभाग में जल्द शुरू हो जाएगी, जिसकी कीमत दस रुपये है। रक्षाबंधन तीन अगस्त को है।
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते इस बार भाइयों के घरों पर बहनों का पहुंचना काफी कम होगा। ऐसे में डाक विभाग ने स्पेशल लिफाफे का इंतजाम किया है, जो महकने के साथ वाटरप्रूफ भी है। यह लिफाफा रंगीन व स्पेशल होने के चलते इसके वितरण के लिए अलग से हैंडलिंग की जाती है और इसका वितरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। इस संबंध में प्रवर अधीक्षक डाकघर एसपी पांडेय ने बताया कि इस लिफाफे को राखी रखकर स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री व सामान्य डाक से देश में कहीं भी भेजा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में राखी सहित लिफाफा भेजने की अंतिम तिथि 25 जुलाई है, जबकि उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रवर अधीक्षक ने बताया कि प्रधान डाकघर, हाथरस मुख्य डाकघर, उप डाकघर खैर, सिकंदराराऊ, अतरौली, कासिमपुर, सासनी, अलीगढ़ सिटी में लिफाफा बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।