न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
इगलास में सादाबाद की चार वर्षीय मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या के प्रकरण में निलंबित इंस्पेक्टर की थाने में फूल मालाओं से लादकर विदाई सवालों में खड़ी हो गई है। सबसे खास बात है कि इस विदाई समारोह में इलाके के सीओ व एसडीएम तक मौजूद रहे। इस विदाई समारोह पर सवाल उठाते हुए आईपीएस अमिताथ ठाकुर व एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने ट्विट किया है।
बच्ची की दिल्ली में मौत के बाद इस घटना पर सवाल खड़े होने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार मान को निलंबित किया था। उनके निलंबन के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें निलंबित इंस्पेक्टर को थाने में विदाई दी जा रही है।
जिसमें एसडीएम व सीओ समेत अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें फूल माला पहना कर विदाई दी जा रही है। इसे लेकर आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने ट्वीट कर सवाल खड़ा किया है। वहीं नूतन ठाकुर ने भी इस तरह से विदाई पर सवाल खड़ा किया है।