मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलीय वृक्षारोपण समिति की बैठक हुई। यहां मौजूद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक को विभागीय लक्ष्यों की जानकारी न होने पर मंडलायुक्त ने उनको फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग को ही पौधरोपण के बारे में जानकारी न होना अफसोसजनक है। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों से लिखित में स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में प्रत्येक विभाग को लक्ष्य आवंटित करते हुए वास्तविक पौधरोपण कराएं।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा मंडल में 85,84,270 पौधरोपण का लक्ष्य है, जिसमें वानिकी, औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जाएंगे।उन्होंने परिवहन, श्रम व नगर विकास विभाग द्वारा विगत वर्षों में कराए गए पौधरोपण का ऑडिट कराये जाने के निर्देश वन विभाग को दिए। जिन विभागों को बजट प्राप्त नहीं होता है, वह मनरेगा से काम करा सकते हैं। मंडलायुक्त ने परिवहन निगम, स्वास्थ्य, श्रम, बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, विद्युत, उद्योग, सहकारिता, पशुपालन, पीडब्लूडी, नगर विकास, कृषि आदि विभागों को लक्ष्य से ज्यादा पौधरोपण करने को कहा।
शहरी आबादी में जंगल बनाएं
मंडलायुक्त ने नगर विकास एवं नगर निगम को शहरी क्षेत्रों में आबादी के मध्य जंगल विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा ताकि ‘शहरी जंगल’ विकसित किए जाएं, जो विभाग लक्ष्य से ज्यादा पौधरोपण करेंगे, उनको सम्मानित किया जाएगा। ऐसे स्कूल जहां स्कूल फार्म के नाम जमीन खतौनी में दर्ज है, चिन्हित कर वृहद पौधरोपण हो। उद्यान विभाग को बड़ी संख्या में फलदार पौधे तैयार कर विभागों एवं जनसामान्य को उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में नगर आयुक्त एसपी. पटेल, सभी जनपदों के प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एवं जिला विकास अधिकारी, संयुक्त निदेशक कृषि, उप निदेशक पंचायत, उप निदेशक उद्यान, उप निदेशक बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा अधिकारी, कृषि विकास प्राधिकरण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अलीगढ़ में 3193940 पौधे लगेंगे
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आगरा जोन एवं प्रभारी जोन वन संरक्षक के. प्रवीन राव (अलीगढ़ वृत) ने बताया कि शासन द्वारा मंडल में 85,84,270 पौधरोपण लक्ष्य के सापेक्ष विभाग के पास 01 करोड़ 45 लाख पौधे उपलब्ध हैं। सर्वोच्च प्राथमिकता वाले सहजन के 5,77,000 पौधे उपलब्ध हैं। सभी विभाग स्थल चयन एवं गड्ढ़ा खोदने की सूचना शीघ्र दें ताकि जुलाई के प्रथम सप्ताह में पौधरोपण हो सके। कार्य की जियो टैगिंग कराई जाएगी। अलीगढ़ जिले को 3193940 , एटा को 1884990, हाथरस को 1722380 एवं कासगंज को 1782960 पौधरोपण का लक्ष्य मिला है।