नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शुरू हुई हाय-तौबा के बाद शहर में अब माहौल लगातार सामान्य हो रहा है। सोमवार को बाजार पूरी तरह खुले। वहीं, फोर्स की तैनाती अभी बरकरार है। एएमयू सर्किल, शाहजमाल, जमालपुर, अब्दुल करीम चौराहा, ऊपरकोट जामा मस्जिद, सराय रहमान में विशेष फोकस रखते हुए फोर्स तैनात कर रखा है।
वहीं, प्रशासनिक पाबंदी के बाद मंगलवार को पहली बार स्कूल खुले। बता दें कि एएमयू में रविवार रात हुए बवाल के बाद से शहरी क्षेत्र के स्कूल बंद थे। जिनमें आज के लिए जिला प्रशासन ने कोई अवकाश घोषित नहीं किया।
इधर, शनिवार और रविवार को एसएसपी, एससी सिटी, सीओ और इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारियों ने मुस्लिम इलाकों में शिविर लगा कर लोगों से संवाद किया। जिससे शहर में शांति बनाए रखने में खासी मदद मिली है। सोमवार को एसएसपी आकाश कुलहरि ने सर्किल वार थानेदार व चौकी प्रभारियों की बैठकें कीं और आगे भी शांति बनाए रखने की ताकीद की है। जिससे शहर में कहीं खलल न पड़े।
इन्हें निर्देश दिए गए कि वह अपने-अपने क्षेत्र में बैठकें कर लोगों से लगातार संवाद कायम करें। एसएसपी ने बताया कि पुलिस प्रशासन आम लोगों के साथ उनके बीच है। कहीं भी किसी को परेशानी है तो उसकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। इधर, एसपी क्राइम ने शहरी क्षेत्र में रहने वाले पुलिस पैंशनरों की बैठक पुलिस कार्यालय में की और शहर में अमन कायम रखने के संबंध में सहयोग मांगा।