अलीगढ़ शराब कांड में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। घटना के चौथे दिन भी जहरीली शराब से लोग मर रहे हैं। तीसरे दिन 15 मौतों के बाद आज यानी सोमवार को अबतक 9 और लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को अलीगढ़ के थाना महुआखेड़ा धनीपुर में दो लोगों की, क्वार्सी क्षेत्र के चंदनिया में चार लोगों की और तीन अन्य की जहरीली शराब पीने से मौत हुई। इसी के साथ जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या का आंकड़ा 80 पहुंच गया है।
मालूम हो कि जिला प्रशासन द्वारा अभी तक मौत के इस तांडव को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बल्कि प्रशासन लगातार आंकड़े छिपाने में जुटा है। जिलाधिकारी ने मौतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि करने के बजाय कहा है कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्टों के अध्ययन के बाद ही यह तस्वीर साफ की जा सकेगी जहरीली शराब से जिले में कितनी मौत हुई हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम कराए जा रहे हैं।
मिथाइल अल्कोहल की सप्लाई करने वाला कारोबारी गिरफ्तार
अलीगढ़ शराब कांड में सोमवार को बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान पता चला कि जहरीली शराब की फैक्टरी में मिथाइल अल्कोहल की सप्लाई तालानगरी की शयाई व सैनेटाइजर फैक्टरी से हुई थी। यह फैक्टरी शहर के नामचीन कारोबारी विजेंद्र कपूर की है। छापेमारी में इस फैक्टरी से 203 कंटेनर इथाइल व मिथाइल मिला है। फेक्ट्री को फिलहाल सील कर लिया गया है। मामले में कारोबारी कपूर व एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी है।
मालूम हो कि 28 मई को करसुआ ठेके से लिए गए शराब के क्वार्टर की मेरठ में जांच हुई थी। इसमें शराब में मिथाइल अल्कोहल मिले होने की पुष्टि हुई थी। आबकारी अधिकारियों ने की इसकी पुष्टि की थी कि इसी रसायन से जिले में मौत हो रही है।
अलीगढ़ के कमिश्नर गौरव दयाल ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण करने वाली दो और फैक्टरियों को कल शाम से अब तक पकड़ा गया है और कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें जितने लोग शामिल थे उनकी संपत्ति की भी जांच की जाएगी।