जहरीली शराब कांड में न्यायालय में लगातार मुकदमे ट्रायल की ओर बढ़ रहे हैं। कुछ मुकदमों में ट्रायल जारी भी हैं। इसी क्रम में अब एडीजे विशेष न्यायालय में भाजपा नेता रविंद्र पाठक उर्फ रिंकू के खिलाफ भी क्वार्सी से जुड़े मुकदमे में आरोप तय हो गया है। इसके बाद न्यायालय में ट्रायल शुरू हो जाएगा। इसी तरह अकराबाद के मुकदमे में कारोबारी विजेंद्र कपूर के खिलाफ आरोप तय होने से पहले पुन: बहस की अर्जी दायर की गई है, जिस पर न्यायालय ने तारीख नियत कर दी है।
एडीजीसी चौ.जितेंद्र सिंह के अनुसार क्वार्सी से जुड़े शराब कांड के मुकदमे में सासनी गेट निवासी रविंद्र पाठक उर्फ रिंकू के खिलाफ बृहस्पतिवार को आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इधर, अकराबाद के मुकदमे में कारोबारी विजेंद्र कपूर के अधिवक्ता की ओर से आरोप तय करने की प्रक्रिया पर पुन: बहस की अर्जी दी गई है, जिस पर 28 अक्तूबर तारीख नियत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बाकी मुकदमों में भी चार्ज आदि की प्रक्रिया पूरी कराकर जल्द ट्रायल शुरू कराया जाएगा।
दो मुकदमों में गवाही में तेजी
एडीजीसी के अनुसार जहरीली शराब कांड के अकराबाद के ही गंगाराम प्रधान से जुड़े मुकदमे में पहले गवाह के रूप में इंस्पेक्टर की गवाही दर्ज हो गई है। इसके अलावा मडराक व लोधा के दो मुकदमों में गवाही बहुत तेजी से चल रही है। प्रयास हैं कि आने वाले कुछ दिनों में गवाही की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
तारिक हत्याकांड में सुनवाई आज
महानगर के ऊपरकोट से सटे बाबरी मंडी इलाके में सांप्रदायिक टकराव के दौरान हुई तारिक की हत्या में सुनवाई के लिए आज शुक्रवार की तारीख नियत है। बता दें कि इस मामले में युवा भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय जेल में हैं और अब तक तीन गवाही हो चुकी हैं। चौथे गवाह को न्यायालय में शुक्रवार को तलब किया गया है।