अलीगढ़ के दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ( पराग डेयरी ) पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अलीगढ़ क्षेत्र में लगाने के लिए ऑल टाइम मिल्क मशीनें (एटीएम) खरीद तो ली गईं, लेकिन उनका प्रयोग कहीं नहीं हुआ, जबकि 27 लाख इस पर खर्च किया गया था। ऑडिट रिपोर्ट में तो इन मशीनों की खरीद पर ही सवाल उठाए गए हैं। कहा गया है कि मार्केट सर्वे कराया जाता तब खरीद होती। इससे शासकीय धन का बड़ा दुरुपयोेग हुआ है।
वरिष्ठ लेखा परीक्षक सरिता और सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी विमल चंद्र शर्मा की ऑडिट जांच रिपोर्ट इसका खुलासा हुआ है। पराग डेयरी ने दूध कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के कई जिलों में मिल्क एटीएम (ऑल टाइम मिल्क मशीन) लगाए। अलीगढ़ के लिए ही 20 एटीएम खरीदे गए। इन पर करीब 27 लाख खर्च हुआ। ऑडिट रिपोर्ट में बताया गया है कि डेयरी के अफसरों ने मुख्यालय को जो रिपोर्ट भेजी उसमें कहा था कि स्थान तय कर लिए गए हैं। जल्द ही इन्हें शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन मौजूदा समय में एक भी जगह स्थापित नहीं हैं।
लेखा जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमिताओं की बात सामने आई हैं। यह उनके कार्यकाल से पहले का मामला है। जांच रिपोर्ट पर लेखा-जोखा तलब किया गया है। इसकी बिंदुवार रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण किया जा सके।-संजीव कुमार, प्रधान प्रबंधक।