न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ को आवंटित कोविड टीका नोएडा के जेपी ग्रींस सोसाइटी में लगाने के मामले में पूर्व सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी, तत्कालीन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मई के दूसरे पखवाड़े में नोएडा के जेपी ग्रींस सोसाइटी में अलीगढ़ को आवंटित कोविड टीका लगाए गए थे। इस मामले में नोएडा के बीटा 2 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस संबंध में नोएडा पुलिस आकर पूछताछ कर चुकी है। अधिकारियों ने घटनाक्रम पर पर्दा डालने की पूरी कोशिश थी। जांच कमेटी भी गठित की गई थी।
कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी लेकिन सच्चाई यह है कि इसमें दोषी सभी लोगों को बचा लिया गया। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने पूर्व सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी, तत्कालीन डीआईओ डॉ. दुर्गेश, एडीआईओ शरद गुप्ता, सलीम सहित कुछ अन्य लोगों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। संबंधित लोगों को तीन दिन में जवाब देना है।