गांव साथिनी के मजरा मोनिया में मंगलवार को ग्रामीणों ने छुट्टा गोवंश को घेरकर सरकारी स्कूल में बंद कर दिया। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन ने मामले में गंभीर रुख दिखाते हुए गोवंश को स्कूल में बंद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी है। वहीं गोवंश को मथुरा की गोशाला में भेजने की अनुमति दी गई है
प्राथमिक स्कूल परिसर में गोवंश को बंद कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने का वीडियेा वायरल हुआ था। दोपहर में सूचना मिलने पर एसडीएम कुलदेव सिंह पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से कहा कि स्कूल परिसर में गोवंश को खड़ा कर वीडियो बनाकर वायरल करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौके पर करीब 15-16 छुट्टा गोवंश मिले थे। ग्रामीणों के अनुरोध पर इन गोवंश को मथुरा की गोशाला में भेजने की अनुमति दी गई है। बुधवार की सुबह ग्रामीण गोवंश को मथुरा की गोशाला पहुंचा देंगे। स्कूल में गोवंश को एकत्र करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश एसडीएम ने पुलिस को दिया है।