ऊपरकोट जामा मस्जिद पर पहुंचीं डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी कलानिधि नैथानी।
- फोटो : CITY OFFICE
डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान पैदल मार्च कर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था को परखा और लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया।
डीएम और एसएसपी ने रेलवे रोड, ऊपरकोट कोतवाली नगर, देहलीगेट, कनवरीगंज, अब्दुल करीम चौराहा, सब्जी मंडी क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से शांति बनाए रखने एवं आपसी सद्भाव को कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन सजग है और नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे शहर की फिजा खराब हो। किसी दूसरे शहर या राज्य की खबरें जब आप तक पहुंचती हैं तो उन्हें अपने पर हावी न होने दें। कोई भी प्रतिक्रिया देने से पूर्व स्थानीय पुलिस-प्रशासन के संज्ञान में लाते हुए खबरों की सत्यता की पुष्टि करें। उन्होंने कहा कि आधी-अधूरी जानकारी सच्चाई से ज्यादा खतरनाक साबित होती है। इसलिए अफवाहों को न तो फैलाने में सहायक बनें और न ही उन पर विश्वास करें।