जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर देहात क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से 10 पुलों का निर्माण होगा। पुलों का निर्माण नहर, नाला आदि पर किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसका प्रस्ताव शासन को भेजा है।
देहात क्षेत्र से गुजरने वाली नदियों व बड़े नालों पर पुल न होने से ग्रामीणों को आवागमन में बेहद असुविधा होती है। उन्हें नाला, नहर आदि पार करने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जनप्रतिनिधियों के समक्ष ग्रामीण कई बार इस मुद्दे को उठा चुके हैं। पिछली सरकार में सभी जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगे गए थे। जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर लोक निर्माण ने जिले में 10 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है। इसमें सर्वाधिक छह पुल इगलास विधानसभा क्षेत्र में बनने हैं। खैर और बरौली विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो पुलों का निर्माण होगा। इन पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी।
यहां पर नदियों व नालों पर बनेंगे पुल
विस क्षेत्र स्थान लंबाई (मीटर) लागत (रुपये)
1- बरौली काली नदी 10 25 लाख
2- बरौली कलाई रजबहा 10 50 लाख
3- खैर करबन नदी 05 4.8 करोड़
4- खैर नाला 07 3.21 करोड़
5- इगलास हाथरस ब्रांच नहर 24 2.62 करोड़
6- इगलास करबन नदी 30 4.21 करोड़
07- इगलास करबन नदी 30 3.20 करोड़
08- इगलास नाला 10 01 करोड़
09- इगलास नाला 15 1.50 करोड़
10- इगलास करबन नदी 25 4.88 करोड़
जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से 10 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट की मंजूरी मिलते ही टेंडर आदि के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।
- एमएच सिद्दीकी, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी