धनीपुर मंडी में क्रय केंद्र का निरीक्षण करती जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ।
- फोटो : CITY OFFICE
जिले के 99 गेहूं क्रय केंद्रों पर शुक्रवार से अव्यवस्थाओं के बीच गेहूं खरीद शुरू हो गई। डीएम सेल्वा कुमारी जे. समेत तमाम अफसरों ने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए।
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने धनीपुर मंडी में स्थापित पीसीएफ एवं खाद्य विभाग के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि अन्नदाता अपना पसीना बहाकर, रातों की नींदें गंवाकर अन्न का उत्पादन करते हैं। ऐसे में उन्हें किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। भंडारण गोदाम व क्रय केंद्रों पर गेहूं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलना चाहिए। डीएम ने कहा कि गेहूं खरीद का पीएफएमएस के माध्यम से निधारित अवधि में भुगतान कर दिया जाए। उन्होंने पूर्ण पारदर्शिता के साथ गेहूं खरीद के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी आरएमओ राजीव कुलश्रेष्ठ, एआर कॉपरेटिव कृष्ण कुमार, केंद्र प्रभारी ललित कुमार मौजूद रहे।
उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने गभाना तहसील क्षेत्र के कई क्रय केंद्रों का जायजा लेकर अधीनस्थों को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि जिले में 99 सरकारी क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीद की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। उन्होंने बताया कि नये किसानों को गेहूं बेचने से पहले अपना पंजीकरण कराना होगा, जबकि पुराने किसानों को पूर्व पंजीकरण का नवीनीकरण कराना होगा।