होली पर घर जाने के लिए यात्री ट्रेनों में रिजर्वेशन करा रहे हैं। लेकिन अधिकांश ट्रेनों में बर्थ खाली नहीं मिल रही है। कई ट्रेनों में तो वेटिंग टिकट भी मिलना बंद हो गए हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों को राहत देने के लिए मार्च के पहले सप्ताह से स्पेशल ट्रेनें चलाने व प्रमुख ट्रेनों में कोच बढ़ाने की योजना तैयार कर रहा है।
रंगों का त्योहार होली इस बार 18 मार्च को है। शहर में रह रहे नौकरीपेशा लोग अपने घर जाने की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने ट्रेनों में एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है। आलम यह है कि अब ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रही हैं। दिल्ली- हावड़ा रूट पर संचालित होने वाली शताब्दी, गोमती, महानंदा, महाबोधि, वैशाली, कैफियात एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनों में सीट खाली नहीं है। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि रेल प्रशासन होली को लेकर ट्रेनों के रिजर्वेशन टिकट की स्थिति पर नजर रखे हुए है। नियमित ट्रेनों में अधिक से अधिक यात्रियों को बर्थ उपलब्ध कराने को अतिरिक्त कोच लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है।