थाना क्वार्सी क्षेत्र के मोहल्ला सुरेंद्रनगर में मुरादाबाद के एक निजी स्कूल में कार्यरत प्रिंसिपल के सूने घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी साफ कर दी। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला सुरेंद्र नगर में रहने वाले नाहर सिंह परिवार सहित कहीं रिश्तेदारी में गए थे। रविवार की रात को चोर छत के रास्ते से मकान के अंदर घुस गए। अलमारी व बक्से आदि खोलकर कीमती सामान चोरी कर ले गए। नाहर सिंह ने बताया कि उनके घर से सोने की दो चेन, पांच अंगूठी, 40 हजार नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए हैं। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हुए हैं। थाना को क्वार्सी के इंस्पेक्टर विजय सिंह के मुताबिक फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।