सासनीगेट इलाके के एक नर्सिंग होम में शनिवार सुबह उपचार के दौरान की युवक की मौत पर परिवार बिफर गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम परिसर में जमकर हंगामा किया। किसी तरह पुलिस ने मामला संभाला और परिवार को शांत किया। बाद में परिजन अपने साथ युवक का शव ले गए।
मूलरूप से अयोध्या के गीतापुर निवासी अश्वनी कुमार ( 25 ) यहां एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार को उसे पेट दर्द की शिकायत पर साथियों ने सासनी गेट के एक नर्सिंग होम में भरती कराया। खबर पर उनके परिजन भी यहां आ गए थे। शनिवार सुबह उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस पर परिवार भड़क गया और डाक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक नर्सिंग होम में गहमागहमी का माहौल रहा। खबर पर पहुंची पुलिस ने परिवार को जैसे तैसे समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार परिजन पंचनामा भर शव साथ ले गए हैं। किसी तरह की तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर देंगे तो आगे कार्रवाई की जाएगी।