गांधीपार्क क्षेत्र के धनीपुर स्थित एटीएम केबिन में मदद के नाम पर जालसाज एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1.35 लाख रुपये पार कर दिए। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोहल्ला डोरी नगर निवासी जगवीर सिंह धनीपुर के आईसीआईसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इस दौरान कुछ दिक्कत आई और उनके हाथ से एटीएम कार्ड जमीन पर गिर गया। इसी बीच एक युवक जो पहले से पीछे खड़ा था, वह मदद के लिए आगे आया और उसने कार्ड उठाकर जगवीर को दे दिया।
मगर उसने इसी बीच कार्ड बदल लिया। फिर रुपये निकालने में उनकी मदद का बहाना किया। मगर रुपये नहीं निकले तो जगवीर घर चले गए। कुछ देर बाद उन्हें मोबाइल पर 1.35 लाख रुपये निकलने का संदेश आया। इस पर उनके होश उड़ गए। जब बैंक से संपर्क किया तो ठगी की जानकारी हुई। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ गांधीपार्क में मुकदमा दर्ज कराया गया है। गांधीपार्क इंस्पेक्टर के अनुसार सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।