कोरोना काल में निराश्रित गोवंश को चारे की किल्लत हो रही है। सरकारी से लेकर जनसहयोग से चलने वाली सभी गोशालाओं का हाल लगभग एक जैसा है। चारे की भरपूर मात्रा कहीं भी नहीं है। इसके अलावा हजारों गोवंश अभी तक सड़कों पर घूम रहे हैं।
बुधवार को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ चंद्रवीर सिंह ने चंडौस ब्लॉक की चार गोशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिसमें ओगीपुर, पिसावा, सबलपुर और नगला ओगर राजू की गोशाला शामिल हैं।
निरीक्षण के समय सभी स्थलों पर पर्याप्त भूसा और पानी मिला।
गोवंश के लिए छाया उपलब्ध मिली। स्थलों पर कार्मिकों द्वारा कार्य किया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि कहीं भी गोशाला के आसपास या अंदर परिसर में किसी भी स्थल पर जलभराव नहीं होना चाहिए। गोवंश के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि उनमें किसी तरह का संक्रामक रोग न हो। इसके अतिरिक्त समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि जिले की सभी गोशालाओं में ऐसे ही निरीक्षण जारी रहेंगे। उनसे संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराएं। ब्यूरो