पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय (एल-2) में मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। धरना-प्रदर्शन भी हुआ। इसकी वजह से कोविड वार्ड में सुबह सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य नहीं हुआ।
कोविड मरीजों की भीड़ की वजह से दीनदयाल अस्पताल की व्यवस्था पहले से चरमराई हुई है। सोमवार को 70 से अधिक सफाई कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर अचानक हड़ताल पर चले गए। इसकी वजह से अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सांस फूलने लगी।
कार्य बहिष्कार में एक एजेंसी के अंतर्गत काम करने वाले सफाई कर्मचारी एवं वार्ड ब्वाय शामिल थे। उनका कहना है कि पिछले एक साल से कोरोना अस्पताल में ड्यूटी कर रहे हैं। एजेंसी द्वारा 7500 हजार रुपये महीना दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने इमरजेंसी के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। दोपहर में सीएमएस डॉ. एबी सिंह एवं अन्य अधिकारियों के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौट आए। सीएमएस डॉ. एबी सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने के लिए महानिदेशक को पत्र लिखा गया है। आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर वापस लौट आए हैं।