जकरिया मार्केट में मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई करते एसीएम प्रथम केबी सिंह
- फोटो : CITY OFFICE
रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी की शिकायत पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार रात को मेडिकल रोड स्थित सना मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। हालांकि, इंजेक्शन नहीं मिले। दो एंटीबायोटिक दवाओं के सैंपल भरे गए। साथ ही सीसीटीवी व लैपटॉप जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसीएम प्रथम केबी सिंह, एसीएमओ डॉ. अनुपम भास्कर व औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी ने मेडिकल रोड स्थित जकरिया मार्केट की दुकान नंबर 7 में सना मेडिकल स्टोर पर छापा मारा, जिसमें दो दवाओं के सैंपल भरे गए। एसीएम प्रथम ने बताया कि दुकान पर रेमडेसिविर इंजेक्शन के ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिली थी। इस आधार पर कार्रवाई की गई। दुकान के संचालक नावेद रब्बानी के यहां से कालाबाजारी के शक में सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और स्टॉक की जांच के लिए लैपटॉप जब्त किया गया है। मौके पर दुकान का रिन्यूअल कागज भी नहीं मिला, जिसके प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का समय दिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई जारी है।