कक्षा एक से कक्षा आठ तक के बच्चों की ऑफलाइन की पढ़ाई शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को फिर निजी विद्यालय के प्रबंधक व शिक्षक सड़क पर उतरे। शिक्षकों की यही मांग थी कि उनकी पुकार को सरकार सुन ले। इस मौके पर शिक्षकों ने कटोरे में भीख भी मांगी।
माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा व वित्त विहीन विद्यालय महासभा के संयुक्त तत्वावधान में डीआईओएस कार्यालय पर शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया। डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा गया। शिक्षक महासभा के अध्यक्ष पवन शर्मा के नेतृत्व में डीआईओएस कार्यालय से भीख मांगते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसीएम अंजुम बी को विद्यालय खुलवाने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में आगरा प्रखंड से शिक्षक एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने सरकार द्वारा विद्यालय को बंद करने के निर्णय की भर्त्सना की। साथ ही आश्वासन दिया कि वह विद्यालयों की पीड़ा से सदन को अवगत कराएंगे।
पवन शर्मा ने सभी से ट्विटर पर अकाउंट बनाकर विरोध दर्ज कराने के लिए कहा। इसके अलावा जिला पंचायत चुनाव में आने वाले प्रतिनिधियों के समक्ष भी विरोध दर्ज कराने के लिए कहा गया है। शिक्षक महासभा के प्रदेश महामंत्री नीरज शर्मा ने कहा कि सीधे तरीके से नहीं सुनेगी तो जनप्रतिनिधियों का घेराव कर उनके घरों पर ताले डाल देना चाहिए। वित्त विहीन विद्यालय महासभा के महामंत्री अंतिम कुमार ने सरकार को चेताया कि सरकार विद्यालयों के साथ सौतेला व्यवहार करेगी तो विद्यालयों से जुड़े लोग आगामी चुनाव में सरकार से विमुख हो जाएंगे। धरने प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए टाई बेल्ट व यूनिफॉर्म एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी भी पहुंचे। धरना प्रदर्शन में बनी सिंह बघेल, अनुज कुमार गौड़, परमवीर सिंह, नरेंद्र भारद्वाज, राजू यादव, जाहिद, फरीद, अटल वार्ष्णेय, ओमेश चौधरी, अंतिम कुमार, जितेंद्र प्रताप, यश अग्रवाल, विनोद आर्य, मुकेश शर्मा, सद्दाम हुसैन, मुकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
यूनिफॉर्म आपूर्तिकर्ता ने सौंपा ज्ञापन
अलीगढ़। स्कूल यूनिफॉर्म मैन्युफ्रैक्चर्स एंड सप्लायर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष धनंजय शर्मा ने कहा कि इस व्यवसाय से 20 हजार से ज्यादा लोग जुड़े हैं। इसलिए विद्यालय खुलवाया जाए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजीव कुमार अग्रवाल, महासचिव दया शंकर गुप्ता, सदस्य मनीष गुप्ता, मुकेश कुमार अग्रवाल, प्रशांत वार्ष्णेय, अटल कुमार वार्ष्णेय, सुरेश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।