गांधी पार्क थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में बीते 19 दिसंबर की रात पंजाब नेशनल बैंक के एक रिटायर्ड मैनेजर के बंद घर से हुई चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को बौनेर तिराहा के पास से रविवार को दबोच लिया गया। गिरोह में एक महिला भी शामिल है। चोरी में सात अपराधी शामिल थे। इनमें से चार पकड़े गए हैं। गैंग लीडर व अन्य आरोपी फरार हैं। एक को बीते सप्ताह क्वार्सी पुलिस ने लूट के मुकदमे में जेल भेजा था। वहीं, गिरोह से चोरी का माल खरीदने वाले दो सराफ भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इनको भी जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत और एसपी क्राइम डा. अरविंद कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता कर गिरोह के पकड़े जाने का खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के रिटायर्ड मैनेजर कृष्णकांत पुत्र श्रीराम गुप्ता निवासी प्रेम नगर, गांधी पार्क 19 दिसंबर को रिश्तेदारी में मौत होने पर घर पर ताला लगाकर परिवार सहित वहां गए थे। रात्रि में इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। बंद घर में से 4 सोने की अंगूठी, 2 सोने के मंगलसूत्र, 1 सोने का टीका, 1 जोड़ी कान के कुंडल, 4 जोड़ी चांदी की पायल, 4 जोडी बिछुआ, 5 सोने की नाक की लौंग, 4 चांदी के सिक्के व 22 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए थे।
थाना पुलिस व सर्विलांस की टीम को घटना के खुलासे में लगाया गया था। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बौनेर तिराहा, बाईपास रोड़ से 4 अभियुक्तों को मय मोपेड व चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया। इनमें एक महिला अभियुक्त भी शामिल है। इनके पास से 3 चूड़ी, 1 जोडी बिछुआ, 1 जोड़ी पायल व 4500 रुपये बरामद किए साथ ही तीन तमंचे व 3 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पूछताछ में इनकी पहचान मिंटू पुत्र बलवीर सिंह चौहान निवासी बघेल नगर, क्वार्सी, रिंकू मडरी पुत्र प्रताप सिंह निवासी मोहन नगर, गांधी पार्क, रिंकू पुत्र हीरालाल निवासी मोहन नगर, गांधी पार्क, आशा पत्नी पप्पू निवासी मोहन नगर, गांधी पार्क के तौर पर हुई।
मिंटू ने बताया कि चोरी की वारदात में इनके साथ गैंग लीडर बृजेश यादव पुत्र बहादुर सिंह निवासी देवी नगला, क्वार्सी सहित अपराधी आशा का पति पप्पू पुत्र झम्मन सिंह निवासी मोहन नगर, गांधी पार्क व सोनू पुत्र दुर्गपाल निवासी मोहन नगर, गांधी पार्क भी शामिल था। सोनू को बीते सप्ताह ही क्वार्सी पुलिस ने लूट के आरोप में जेल भेजा था।
पूछताछ में बताया कि उन्होंने चोरी किया गया माल कन्हैया वर्मा पुत्र मुकेश वर्मा निवासी पक्की सराय, सासनी गेट व प्रमोद कुमार वर्मा (सुनार) पुत्र महावीर प्रसाद निवासी बड़ा बाजार कस्बा व थाना अतरौली की दुकान पर बेच दिया है। इस पर पुलिस ने इन दोनों सराफ को भी उठा लिया। दोनों सराफ व चारों अपराधियों को जेल भेज दिया है। गैंग के सभी सदस्यों का पुराना आपराधिक इतिहास भी बड़ा है। वांछित गैंग लीडर बृजेश यादव व पप्पू की तलाश जारी है। गिरफ्तार व खुलासा करने वाली टीम में गांधी पार्क इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़, एसआई संदीप कुमार, महेश सिंह, मोहन लाल, एसएसआई शिव प्रसाद सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी संजीव कुमार व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।