इस्लाम धर्म त्यागकर कासिम खान से कर्मवीर बने युवक को अब धमकियां मिल रही हैं। इसको लेकर पीड़ित ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। इस पर एसएसपी के निर्देश पर देहली गेट पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना देहली गेट क्षेत्र के जंगलगढ़ी बाईपास स्थित झलकारी नगर निवासी कासिम खान इस्लाम धर्म त्यागकर कर्मवीर सिंह माहौर बन गए हैं। हिंदू धम अपनाने में मदद करने वाले लोधी विहार निवासी नीरज भारद्वाज और करमवीर सिंह माहौर अपनी पत्नी अनीता संग बृहस्पतिवार को एसएसपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अज्ञात नंबरों से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। वह धर्म परिवर्तन के बाद से लोधी विहार में रह रहे हैं। उसे परिवार सहित जान से हाथ धोने व उसका सहयोग करने वाले नीरज भारद्वाज को परिवार सहित मारने की धमकी मिल रही हैं। साथ में रुपये पैसे का प्रलोभन भी मिल रहा है कि अगर वह चाहे तो फिर धर्म में वापस आकर अपने घर में रह सकता है।
इस शिकायत पर तत्काल एसएसपी ने इंस्पेक्टर देहली गेट आशीष कुमार सिंह को अपने दफ्तर बुलाया और पीड़ित को पुलिस के साथ थाने भेजा। जहां उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर आशीष के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब मामले में जांच व पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कासिम ने 8 साल पहले अनीता से प्रेम विवाह किया था।