प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण को और ज्यादा फैलने से रोकने के लिए सभी जिलों में व्यापक साफ सफाई अभियान छेड़ने के निर्देश दिए हैं। मलिन बस्ति, घनी आबादी, संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में विशेष इंतजाम के निर्देश हैं।
अलीगढ़ में उस्मानपाड़ा, रसलगंज और भुजपुरा में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के बाद अब यहां साफ सफाई का विशेष अभियान चलेगा। इस संबंध में प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने पंचायत राज विभाग और स्थानीय निकाय विभाग को निर्देश पत्र जारी किया है। मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी ने कहा है कि पंचायत राज विभाग और स्थानीय निकायों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे काम शुरू कराएं। ग्राम पंचायतों में भी जलभराव स्थल तथा नाले व नालियों को साफ करने के निर्देश हैं।
हैंडपंप एवं कुओं के पास अनावश्यक जल एकत्र न होने दिया जाए। ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से साफ सफाई दुरुस्त करें। गली मोहल्लों में कूड़ा एकत्र न होने पाए। उसके निस्तारण की उचित व्यवस्था बनाएं। लोग हाथ धोने की आदत डालें तथा शौचालय का प्रयोग करें। यथासंभव घर पर ही सैनिटाइजेशन का इंतजाम करें। मलिन बस्तियों और घनी आबादी में संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में साफ सफाई का विशेष इंतजाम करें। इसके लिए जागरूकता बढ़ाएं।