कोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल पाराशर के सुरेंद्रनगर स्थित घर के 500 मीटर की परिधि में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज है। आरोग्य सेतु एप पर मिल रही जानकारी के बाद पूरे सुरेंद्रनगर में खलबली मच गई है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस मामले में कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
दो दिन पहले से आरोग्य सेतु एप पर सुरेंद्र नगर पानी की टंकी के आसपास 500 मीटर की परिधि में कोरोना संक्रमित मरीज दर्शाया जा रहा है। भाजपा विधायक अनिल पाराशर भी एप चेक कर इसकी पुष्टि कर चुके हैं। उनका कहना है कि परसो भी 500 मीटर के दायरे में संक्रमित मरीज दिखा रहा था। बुधवार को नहीं दिखा और आज फिर दिख रहा है। जबकि इस क्षेत्र में अभी तक कोरोना वायरस के मरीज नहीं मिले हैं। बरौली क्षेत्र के विधायक दलवीर सिंह के प्रवक्ता सुशील गुप्ता के पास भी ऐसी शिकायत आई है। उनका कहना है कि इसकी वजह से लोग भयभीत है। इस संबंध में नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. पीके शर्मा ने बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक्सपर्ट से पूछ कर जानकारी उपलब्ध कराएंगे।