पूर्व मेयर शकुंतला भारती फुटकर किराना विक्रेताओं के साथडीएम से मिलने पहुंची।
- फोटो : CITY OFFICE
लाक डाउन थ्री के दौरान महावीर गंज एवं बारहद्वारी क्षेत्र में फुटकर की दुकानें खोले जाने की अनुमति मामले में सोमवार को व्यापारियों ने पूर्व मेयर शकुंतला भारती के साथ डीएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि थोक व्यापारी फुटकर में खाद्य सामग्री आदि बेचने का काम कर रहे हैं। इससे फुटकर व्यापारियों पर असर पड़ रहा है। समस्या सुनने के बाद डीएम ने रैड जोन का हवाला देते हुए फिलहाल इस मामले में कदम उठाने से इंकार कर दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मेयर शकुंतला भारती ने कहा कि लाक डाउन थ्री के दौरान रसलगंज में दुकानें खुल रही हैं। जबकि महावीर गंज एवं बारहद्वारी में बंदी लागू है। यहां के थोक व्यापारी फुटकर में भी वस्तुएं बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। ऐसे में फुटकर व्यापारी लाचारी से सब देख रहा है। लंबे समय से लॉकडाउन की वजह से कईयों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कई कोरोना संक्रमित मिलने एवं आसपास के क्षेत्र में भी मरीज मिलने के कारण यहां लॉकडाउन शत प्रतिशत लागू है। इस दौरान यहां के वाशिंदों के तमाम नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गये हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने एवं लोगों की क्वारंटीन अवधि पूर्ण करने के बाद यहां फुटकर बाजार खोलने पर विचार किया जाएगा। डीएम से मिलने वालों में राहुल किशोर, कपिल वार्ष्णेय, मुकुल कुमार, किशन कुमार हकीमजी, प्रदीप कुमार घी वाले, सौरभ मित्तल, मामा आदि शामिल थे।