सोमवार को कोरोना संक्रमित मरीजों का कनेक्शन उस्मानपाड़ा के 55 वर्षीय मृत कोरोना संक्रमित मरीज से आया है। 70 वर्षीय महिला उसकी सास है। साथ ही 55 वर्षीय व्यक्ति, जिस राशन डीलर से राशन लेने के लिए गया था। वहां उसके साथ लाइन में राशन लेने को खड़े (आगे और पीछे) दस-दस लोगों की जांच कराई गई है, उनमें शामिल है। इन्हीं में हाथी पुल वाली गली निवासी 35 साल का व्यक्ति और उसका 13 साल का बेटा और यहीं का रहने वाला 45 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित निकला है। वहीं, हबीब पेंटर वाली गली 25 वर्षीय व्यक्ति, 45 और 30 वर्षीय व्यक्ति निवासीगण कुरैशियान गली भी संक्रमित मिले हैं। यह तीनों कोरोना संक्रमितों के आसपड़ोस के रहने वाले हैं। लगातार संपर्क में आने के कारण इनमें संक्रमण का असर हुआ। आठ वर्षीय बच्चा डॉक्टर दंपती का बेटा है। वह भी मृत व्यक्ति के परिवार के ही हैं। खास बात यह है कि राशन डीलर संक्रमित नहीं पाया गया है।
अब कोरोना संक्रमित डॉक्टर दंपती न साबित हो कोरोना कैरियर
अब जंगलगढ़ी का कोरोना संक्रमित डाक्टर दंपती नए कोरोना कैरियर न साबित हो जाएं। जिला प्रशासन को दंपती के संपर्क में आए लोगों की चिंता सताए जा रही है। इस चिंता को सोमवार को दंपती के आठ साल के बेटे की पॉजिटिव रिपोर्ट आने की के बाद और बढ़ा दिया है। दंपती के अस्पताल से मिले रिकार्ड में रामघाट रोड के 12 परिवारों के लोगों के भी नाम मिले हैं। यह सभी डॉक्टर के संपर्क में थे। पुलिस-प्रशासन की टीम इन परिवारों की तलाश में लगी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि दंपती की पूरी ट्रैवल हिस्ट्री सहित उनके संपर्क में अस्पताल, आस पड़ोस व अन्य माध्यमों सेे आए लोगों की तलाश की जा रही है। सभी का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
हॉटस्पाट में भीड़ लगाकर बेचा दूध, तीन पर मुकदमा
हॉट स्पॉट उस्मानपाड़ा से सटे बाबरी मंडी के मोहल्ला सराय ग्वाली के एक मिष्ठान भंडार के संचालक के खिलाफ सोमवार को थाना पुलिस ने लॉक डाउन उल्लंघन और महामारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर कोतवाली रविंद्र सिंह के अनुसार बाबरी मंडी चौकी इंचार्ज ने आरोपी भगवान दास यादव उसका बेटा बबलू यादव और सहयोगी रोमियो, जो पड़ोस का रहने वाला है। लॉक डाउन के दौरान अपने सराय ग्वाली स्थित मिष्ठान भंडार को खोल भीड़ लगाकर मिठाई, दूध आदि की बिक्री कर रहे थे। सोमवार को मामले की जानकारी होने पर तीनों को रंगेहाथ मौके से पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 269, 270, 271, 188 और महामारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोरोना पॉजिटिव सहायक अध्यापक ने बंटवाया था राशन
ऊपरकोट पानी की टंकी के पास रविवार को कोरोना पॉजिटिव आए दो भाइयों में से एक बढ़ौली फत्ते खां में सहायक अध्यापक है। उसने गांव के राशन डीलर के यहां राशन बंटवाया था। इस जानकारी पर प्रशासन ने राशन डीलर और उसके परिवार का भी परीक्षण कराया है। यदि उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई तो उसकी दुकान को दूसरे डीलर से संबद्ध किये जाने के आदेश किए गए हैं। सीडीओ अनुनय झा ने बताया कि पता चला है कि राशन वितरण के दौरान उसने 15 से 19 अप्रैल तक गांव के ही राशन डीलर के यहां पर्यवेक्षक के रूप में सहायक अध्यापक ने राशन बंटवाया था। अब वह पॉजिटिव आया है। राशन डीलर व उसके परिवार का सैंपल लिया गया है। यदि डीलर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो दुकान को दूसरे डीलर से संबद्ध कर दिया जाएगा।