यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं में उत्तीर्ण कराने का फर्जीवाड़ा शुरू हो गया है। फोन करके उन्हें उत्तीर्ण कराने के एवज में पैसे मांगे जा रहे हैं। इससे अभिभावक परेशान हैं। अभिभावकों को फोन करने वाले स्वयं को यूपी बोर्ड से जुड़ा बताता है। वह कहता है कि बोर्ड के पोर्टल अंक पत्र के अंक अपलोड किए जा रहे हैं।
इसमें आपका बेटा-बेटी एक-दो विषय में अनुत्तीर्ण हैं। अगर आप चाहते हैं कि वह उत्तीर्ण हो जाए तो इसके लिए फौरन पैसे भेजने होंगे। आगरा खंड शिक्षक महासभा के प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि छात्र शिखर वार्ष्णेय पुत्र भुवनेश कुमार वार्ष्णेय के पास इस मोबाइल नंबर 9163505573 से फेल होने की बात कही गई। उत्तीर्ण कराने के एवज में 3500 रुपये की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अब तक 20 से अधिक मामले आ चुके हैं। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि अगर इस तरह का कोई फोन किसी के पास आता है तो वह संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य से मिलकर शिकायत करें। इसके उन्हें निर्देशित कर दिया गया है। आने वाले मोबाइल नंबर का पता लगाएं। इसके बाद साइबर सेल के जरिये संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। ब्यूरो