अतरौली तहसील के गांव दीनापुर निवासी 12वीं कक्षा के छात्र राहुल मिश्रा (18) पुत्र धनीराम मिश्रा सोमवार की सुबह करीब 9.30 बजे अपनी मां व मजदूरों के साथ खेत में गन्ने की फसल में निराई कर रहे थे। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए अपनी मां व मजदूरों के साथ राहुल पास ही एक खेत में अपनी बुर्जी की छान के नीचे बैठ गए, जबकि उनकी मां व मजदूर दूसरी ओर बनी झोपड़ी में जाकर बैठ गए। इसी बीच तेज आवाज के साथ बुर्जी पर बिजली गिरी से राहुल मिश्रा की मौत हो गई, जबकि बुर्जी और भूसे में आग लग गई। बिजली गिरने की तेज आवाज पर राहुल की मां व अन्य लोग तत्काल बुर्जी के पास दौड़कर पहुंचे तो वहां राहुल का जला हुआ शव पड़ा मिला। इस पर उसकी मां समेत अन्य लोगों की चीख निकल गई।
तहसीलदार उदयवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। दैवीय आपदा के तहत शासन स्तर से जो भी नियम है उसके तहत पीड़ित परिवार को जल्द मदद मुहैया कराई जाएगी।
बारिश से पैदा हुई ठंड से एक व्यक्ति की मौत
शनिवार की देर रात तेज हवाओं के बीच बारिश से बढ़ी ठंड के चलते गांव ककौला में एक घर के पास बरामदे में टाट की बोरी ओढ़कर सोए व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव मोहकमपुर दुनाई निवासी 52 वर्षीय वीरपाल सिंह पुत्र मेघ सिंह फेरी लगाकर नील बेचते थे। शनिवार को दूसरे गांवों में पैदल ही नील बेचते हुए शाम में ककौला गांव पहुंच गए। वहां थकने पर रामनिवास के मकान के पास एक बरामदे में आराम करने के लिए रुक गए। रात में आंधी व बारिश शुरू हो गई तो अपने गांव नहीं लौट सके। उधर बारिश और हवाओं से ठंड लगी तो टाट की पड़ी बोरी को ओढ़कर सो गए। सोमवार को एक ग्रामीण की नजर टाट की बोरी ओढ़कर सोए वीरपाल पर पड़ी तो उन्होंने लोगों को आवाज देकर बुलाया। इस पर भीड़ लग गई। लोगों ने टाट की बोरी हटाकर देख तो वीरपाल का शव पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पहचान होने पर पुलिस ने परिवार वालों को खबर देकर बुला लिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पलाचांद गांव में आंधी-बारिश से गिरी दीवार, महिला की मौत
रविवार की रात गांव पलाचांद में आंधी-बारिश के बीच एक मकान की निर्माणाधीन दीवार गिर गई। इससे एक महिला की जान चली गई। वहीं आंधी से बिजली के खंभे व तार टूट गए जिससे बिजली भी गुल रही।
गांव पलाचांद निवासी किशन सिंह मजदूरी करते हैं। रविवार की रात करीब दस बजे उनकी पत्नी ओमवती (48) खेतों से शौच कर अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में आंधी-बारिश के बीच एक निर्माणाधीन मकान की दीवार उनके ऊपर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई। वह अपने पीछे पति, दो पुत्र व एक पुत्री को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। सूचना पर लेखपाल एकता सारस्वत ने पहुंचकर जांच की।
राहुल मिश्रा का फाइल फोटो।- फोटो : ATHROLI