महानगर के थाना देहलीगेट के एक सिपाही ने शादी का झांसा देकर युवती से करीब एक साल तक संबंध बनाए। अब सिपाही युवती से शादी करने से इंकार कर रहा है। युवती ने इसका विरोध किया तो सिपाही ने गाली गलौज-मारपीट कर दी। शुक्रवार को पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी को जांच सौंपी है।
एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में सासनीगेट निवासी युवती ने कहा है कि करीब एक साल पहले एक सिपाही घर पर भाई का वारंट लेकर आया था। इसी बीच सिपाही ने युवती का फोन नंबर ले लिया। दोनों की फोन पर बातचीत शुरू हो गई। फोन की बातचीत प्यार में बदल गई। सिपाही का घर पर आना जाना भी शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच सिपाही ने युवती को मिलने के लिए अपने कमरे पर बुला लिया। वहां शादी का झांसा देकर सिपाही ने एक साल तक युवती से संबंध बनाए। अब युवती ने शादी की बात कही तो वह मुकर गया। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट कर दी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत को पूरे मामले की जांच सौंपी दी हैं।