त्योहार नजदीक आते ही सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। अमूमन सब्जियों के दाम त्योहार के एक दो दिन पहले बढ़ते थे, लेकिन इस बार लोकल सब्जियां खत्म होने के कारण सब्जियों के दाम में एक बार फिर उछाल आ गया है। इससे आम आदमी की थाली महंगी हो गई है। थोक कारोबारियों का कहना है कि बाहर से सब्जियां आने के कारण इसके दाम बढ़ गए हैं।
इस बार त्योहार आने से पहले ही सब्जियों में तेजी आ गई है। बारहद्वारी स्थित थोक कारोबारी शादाब ने बताया कि लोकल सब्जियां खत्म होने के कारण बाहर से माल आ रहा है। इसलिए सब्जियां महंगी हैं। उन्होंने बताया कि सब्जियां अभी और महंगी होंगी। जैसे-जैसे गर्मी अपने चरम पर आएगी इनके दामों में इजाफा होगा। वहीं धनीपुर मंडी स्थित कारोबारी देवेश यादव ने बताया कि पहले आलू 8 रुपये किलो था जो अब 10 से 12 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं भिंडी भी 100 रुपये किलो है। फुटकर बाजार में लगभग दोगुने दाम पर सब्जी बेची जा रही है। जिसने लोगों के घर का बजट बिगाड़ दिया है।
माल भाड़ा महंगा होने से भी महंगाई बढ़ी
थोक कारोबारियों ने बताया कि सब्जी सहित अन्य चीजों के दाम पर तेजी का कारण माल भाड़ा बढ़ना भी है। इस समय पैट्रोल -डीजल अपने सर्वोच्च स्तर पर हैं। इसलिए किराया ज्यादा है। जिसका असर खाने पीने के उत्पादों पर पड़ रहा है। अगर डीजल- पैट्रोल के दामों में और बढ़ोत्तरी हुई तो सब्जियों के दाम और बढ़ सकते हैं।
बढ़ती महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ा
बढ़ती महंगाई ने लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। रामघाट रोड निवासी गृहणी प्रियंका गोयल ने बताया कि सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं खाद्य पदार्थ भी महंगे हैं। परचूनी से लेकर हर प्रकार के सामान पर तेजी है। ऐसे में लोग परेशान हैं। त्योहार के आने से पहले ही सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं।
1- लोकल सब्जियों की उपलब्ध कम होने से सब्जियां बाहर से आ रही हैं। इसलिए महंगी हैं। हरी मिर्च कोलकाता व रायपुर से आ रही है। वहीं प्याज महाराष्ट्र से आ रही है। माल भाड़ा भी महंगा है।
शादाब, सब्जी कारोबारी, बारहद्वारी
2- सब्जियों पर थोड़ी तेजी आई है। फुटकर बाजार में ज्यादा तेजी है। कुछ सब्जियां बाहर से आ रही हैं। पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से भी इन पर असर पड़ा है। लोकल सब्जियां आने के बाद दाम कम हो जाएंगे।
देवेश यादव, सब्जी कारोबारी, धनीपुर मंडी
थोक बाजार में सब्जियों के दाम
सब्जी अब पहले
आलू 10 रुपये प्रति किलो 8 रुपये प्रति किलो
भिंडी 90 रुपये प्रति किलो 80 रुपये प्रति किलो
हरी मिर्च 100 रुपये प्रति किलो 80 रुपये प्रति किलो
नींबू 80 रुपये प्रति किलो 60 रुपये प्रति किलो
कद्दू 25 रुपये प्रति किलो 20 रुपये प्रति किलो
टमाटर 20 रुपये प्रति किलो 10 रुपये प्रति किलो
अदरक 60 रुपये प्रति किलो 40 रुपये प्रति किलो
फुटकर बाजार में सब्जियों के दाम
आलू 15 से 20 रुपये प्रति किलो
नींबू 100 से 120 रुपये प्रति किलो
भिंडी 100 से 140 रुपये प्रति किलो
हरी मिर्च 150 से 200 रुपये प्रति किलो
टमाटर 30 से 40 रुपये प्रति किलो
शादाब।- फोटो : CITY OFFICE