साथा चीनी मिल बंद रहने और गन्ना न लेने के चलते किसानों ने सोमवार-मंगलवार की सर्द रात बाहर खुले में बिताई। सूचना पर सुबह भाकियू भानु गुट के प्रदेश महासचिव डॉ. शैलेंद्रपाल सिंह आक्रोशित हो गए। उन्होंने डीएम, एडीएम, एसडीएम को फोन कर किसानों की समस्या बताई। साथ ही कह दिया कि अगर किसानों का गन्ना नहीं ले रहे तो सभी ट्रैक्टर लेकर मुख्यमंत्री की सभा में जा रहा हूं। इस पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर गन्ना की तुलाई प्रारंभ कराई। वहीं, डॉ. शैलेंद्रपाल सिंह को पुलिस ने पांच घंटे तक नजरबंद रखा।
डॉ. शैलेंद्रपाल सिंह ने बताया कि किसानों की आवाज उठाने में हमें नजरबंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 24 तारीख को मिल का उद्घाटन हो गया। 27 से मिल प्रारंभ होनी थी। 30 दिसंबर को कहा था कि दो जनवरी से मिल प्रारंभ होगी। प्रशासन ने तीन जनवरी को किसानों से गन्ना मंगवा लिए। किसान गन्ने लेकर पहुंचे तो शाम को गन्ना लेने से इंकार कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मजदूर न होने के अभाव में मिल बंद रही और गन्ना न लेने के लिए कह दिया गया। ऐसे में 40 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लदा गन्ना लेकर किसानों न सर्द रात खुले में बिताई। रातभर किसान कहते रहे, किसी ने एक नहीं सुनी। पहले ही दिन को किसान ठंड में खुले में रोके जा रहे हैं।