कुशीनगर के तुर्क पट्टी थाना क्षेत्र में मस्जिद के अंदर हुए विस्फोट का कनेक्शन अलीगढ़ से भी तलाश किया जा रहा है। वहां पर मस्जिद में विस्फोटक सामग्री से विस्फोट हो गया। इस संबंध में चार लोगों को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक फरार चल रहे व्यक्ति का कनेक्शन अलीगढ़ से निकला है।
कुशीनगर में बुधवार को एक मस्जिद में विस्फोट होने का मामला प्रकाश में आया। जिसके बाद पुलिस और एटीएस हरकत में आ गए और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी वहां से फरार हो गया। इसका नाम अशफाक पुत्र फैजुद्दीन निवासी सौफीगंज, कुशीनगर बताया गया। पुलिस को पूछताछ में जानकारी मिली कि चार साल पहले तक अशफाक अलीगढ़ में रहा था। पुलिस इस बात के लिए भी जांच कर रही है कि घटना के बाद वह कहीं अलीगढ़ तो नहीं आया।
इसके अलावा चार साल पहले तक वह यहां पर किसके संपर्क में रहा। किन लोगों के साथ उसका उठना बैठना था। इन सबकी भी जांच की जा रही है। कुशीनगर पुलिस ने अलीगढ़ पुलिस से इस संबंध में संपर्क साधा है और पूरी घटना साझा की है। अलीगढ़ पुलिस भी अपने स्तर से अशफाक की तलाश में यहां पर जुट गई है। साथ ही चार साल पहले तक उसके संपर्क में कौैन लोग थे, उनकी भी तलाश की जा रही है।